रामगढ़: बरकाकाना-रांची वाया सिधवार रेल रूट पर सोमवार को पोचरा फ्लाइओवर के निकट ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13513) बरकाकाना स्टेशन से रांची के लिए रवाना हुई। इस क्रम में पोचरा फ्लाइओवर के आगे रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं मामले की सूचना पर बरकाकाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया। लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की उम्र तकरीबन 60 वर्ष के आसपास बताई जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक संभवतः विक्षिप्त था और कहीं से भटककर यहां पहुंच गया था।
