हजारीबाग: बड़कागांव थाना अंतर्गत बड़कागांव-केरेडारी मार्ग पर महटिकरा चौक पर मंगलवार को सड़क दुघर्टना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतका की पहचान केरेडारी थानाक्षेत्र के सलगा गांव  निवासी तेतरी देवी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार तेतरी देवी अपने बेटे के साथ बाइक पर हजारीबाग जा रही थी। वहीं दूसरी ओर एक बाइक पर एक युवक और दो महिलाएं बेलतू की ओर जा रहे थे। इस क्रम में महटिकरा चौक पर दोनों बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिर गए। इस क्रम में हजारीबाग से सिकरी की ओर जाते तेज रफ्तार टर्बो (JH 02Z 0674 )ने तेतरी देवी को रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं टर्बो चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महटिकरा चौक पर आवागमन बाधित कर दिया। पुलिस-प्रशासन के समझाने-बुझाने पर लोग शांत हुए। वार्ता में समझौते के बाद जाम हटा लिया गया। पुलिस मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई कर रही है।

By Admin

error: Content is protected !!