रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मतकमा चौक-लादी मार्ग पर बुधवार की शाम ऑटो पलट गया । जिससे ऑटो सवार एक महिला घायल हो गई। आनन-फानन में महिला को एंबुलेंस पर सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भुरकुंडा बाजार से ऑटो पर सवार तीन ग्रामीण महिलाएं अपने घर लौट रही थीं। इस क्रम में रात तकरीबन 08:15 बजे मतकमा चौक से रेलवे फाटक के बीच बनाए गए वैकल्पिक रास्ते के मोड़ पर ऑटो अंसतुलित होकर पलट गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ऑटो से महिलाओं को बाहर निकाला गया और ऑटो को सीधा किया गया। दुर्घटना में चिकोर गांव निवासी सुकरी देवी (55 वर्ष) घायल हो गई। जिन्हें एंबुलेंस पर रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताते चलें कि मतकमा चौक-लादी सड़क पर कलभट पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसकी वजह से सड़क के बगल में वैकल्पिक रूप से बनाए गए कच्चे रास्ते पर फिलहाल आवागमन हो रहा है।
