रामगढ़: आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर भुरकुंडा ओपी में बुधवार को शांति समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी और संचालन भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने किया। बैठक में शांति समिति के सदस्य समेत रामनवमी पूजा समिति और सरहुल पूजा समिति के प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रेम और सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाने की अपील की गई। इस दौरान पुलिस ने पर्व के दौरान होने कार्यक्रमों और जुलूस से संबंधित जानकारियां दी गई। साथ ही विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण हेतु चर्चा में लोगों से सुझाव भी लिए गए।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है और आम जनता को हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है। पर्व के दौरान पुलिस बल की तैनाती और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को अविलंब दें। विधि-व्यवस्था भंग करनेवालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
वहीं ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट नहीं डालें। जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकालें और किसी प्रकार की समस्या होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर संभव सहयोग करेगी। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, चमन लाल, मुखिया उपेंद्र शर्मा, व्यास पांडेय, ऋतिका भोक्ता, दर्शन गंझू, अखिलेश टोप्पो, डब्लू पांडे, जगतार सिंह, मुकेश राउत, बालेश्वर बेदिया, राजेंद्र मुंडा, अजय साहू, राजन करमाली, रवींद्र पासवान, देव कुमार, प्रेम विश्वकर्मा, संतोष उरांव, लख्खी राणा, रवैल एक्का, राजा करमाली, दीपक सिंह, सामू मुंडा, संजय कुमार, अमर बाउरी, दशरथ सिंह, राजा बाबू मुंडा, सुरेश रजवार, पिंटू कुमार मुंडा, अंकित कुमार, रोशन तिग्गा, आशीष उरांव, सहित कई लोग मौजूद थे।
