| गिद्दी से भुरकुंडा पहुंचे साध-संगत, भक्तिमय हुआ कोयलांचल |
भुरकुंडा गुरुद्वारा में 48 घंटे का अखंड पाठ आरंभ, महासमागम 21 मार्च को
रामगढ़: भुरकुंडा गुरुद्वारा के दूसरे महासमागम को लेकर गुरुवार को गिद्दी गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन के साथ गुरु ग्रंथ साहिब की शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में साध-संगत और श्रद्धालु शामिल हुए। इससे पूर्व बड़ी संख्या में सिख समुदाय के महिला-पुरुष और बच्चे सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने गिद्दी गुरुद्वारा में मत्था टेका। वहीं नगर कीर्तन में निशान साहिब के साथ धर्मप्रचारक कमेटी अकाली दल जमशेदपुर के पंच प्यारे भाई जसवीर सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई जयपाल सिंह, भाई गुरदीप सिंह और भाई रविंद्र पाल सिंह शामिल रहे। वहीं भाई सुखदेव सिंह और भाई रविंद्र सिंह गुरु ग्रंथ साहिब की सेवा में जुटे रहे। वहीं शबद कीर्तन मंडली ने भक्तिमय भजनों से भुरकुंडा कोयलांचल को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया। इस दौरान जमशेदपुर से आए गतका अखाड़ा टीम ने रास्ते भर पारंपरिक हथियारों के साथ एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए।

गिद्दी से आरंभ हुआ नगर कीर्तन रिवर साइड गुरुद्वारा होते हुए सयाल मोड़, पटेलनगर, बिरसा चौक, बाजार होते भुरकुंडा गुरुद्वारा पहुंची। इस बीच जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों का सत्कार किया। श्रद्धालुओं के बीच शीतल जल, शरबत, चना और नाश्ते का वितरण किया गया। वहीं नगर कीर्तन के आगमन पर भुरकुंडा गुरुद्वारा के समक्ष सभी का स्वागत किया गया। इसके साथ ही गुरुद्वारा में विधिवत गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया गया। इसके साथ ही 48 घंटे का अखंड पाठ शुरू हुआ। अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर का भी आयोजन किया गया। आगामी 21 मार्च को अखंड पाठ के समापन पर भुरकुंडा थाना मैदान में महासमागम का आयोजन किया जाएगा।

नगर कीर्तन को लेकर भुरकुंडा पुलिस रही मुस्तैद
नगर कीर्तन के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भुरकुंडा पुलिस काफी मुस्तैद रही। भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सदलबल नगर कीर्तन के दौरान निगरानी करते रहे। इसके साथ ही जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। इस दौरान भुरकुंडा मेन रोड बड़े वाहनों की इंट्री बंद रही। वहीं पुलिस की गश्त भी लगातार जारी रही।

भुरकुंडा में दूसरे महासमागम की तैयारी जोरों पर
भुरकुंडा गुरुद्वारा के दूसरे महासमागम की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। भुरकुंडा थाना मैदान में भव्य पंडाल का बनाया जा रहा है। जिसमें कारीगर पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं। वहीं गुरुद्वारा को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। गुरुद्वारा कमेटी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
