चतरा: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. गुरूवार को उपायुक्त कीर्तिश्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों व प्रमुख जुलूस मार्गो का निरीक्षण किया. इस दौरान जुलूस मार्गो का जायजा लिया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को सभी अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो. उपायुक्त ने नगर परिषद व संबंधित विभाग को साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी व ब्रेकेटिंग की व्यवस्था करने को कहा.

उन्होंने पर्व के दौरान अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित थाना को देने को कहा. उन्होंने जिलेवासियों से आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ पर्व मनाने और विधि व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने की अपील की. वहीं एसपी ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थलो पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलो की तैनाती की जायेगी. सीसीटीवी कैमरा व गश्ती दल के माध्यम से सतत निगरानी रखी जायेगी.

मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मनु कुमार, एसडीपीओ संदीप सुमन, सीओ अनिल कुमार, थाना प्रभारी अवधेश सिंह समेत कई शामिल थे.

By Admin

error: Content is protected !!