| रेलवे का निर्णय – 21 मई से बरकाकाना की बजाय रांची रोड स्टेशन पर होगा चार एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव |
बरकाकाना में ठहराव जारी रखने के लिए करेंगे पुरजोर प्रयास : प्रतिभा शरण
रामगढ़: रेलवे ने चार जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बरकाकाना से निरस्त कर रांची रोड स्टेशन पर कराने का निर्णय लिया है। आगामी 21 मई से कोलकाता मदार एक्सप्रेस, अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस, हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस, हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस (अप-डाउन) ट्रेनों का ठहराव बरकाकाना की बजाय रांची रोड स्टेशन पर होगा। इसे लेकर बरकाकाना स्टेशन के पार्किंग परिसर में रविवार की शाम आम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें रेलवे के निर्णय पर स्थानीय लोगों ने गहरा रोष प्रकट किया गया। सभा में रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के 10 वार्ड पार्षद और स्थानीय लोग सहित कूली, शॉप वेंडर, ऑटो चालक, कैंटीन स्टाफ, स्थानीय व्यवसायी शामिल रहे। सभा की अध्यक्षता वार्ड संख्या 24 की पार्षद प्रतिभा शरण और संचालन स्थानीय समाजसेवी जितेंद्र कुमार ने की।

आम सभा में वार्ड सदस्यों को बरकाकाना स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव निरस्त करने होनेवाली परेशानियों से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा गया। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि 33 करोड़ की लागत से बरकाकाना स्टेशन को बड़े पैमाने पर विकसित किया जा रहा है। जिसके लिए हाल में ही यहां वर्षों से रोजी-रोटी कमा रहे दर्जनों दुकानदारों को भी अतिक्रमण के नाम पर हटाया गया है। लोगों को उम्मीद थी कि बरकाकाना स्टेशन से अब कई नई ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा, इसके उलट स्टेशन से महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव ही रद्द किया जा रहा है। पूर्व में इस रूट पर चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस को निरस्त कर दूसरे रूट पर चलाया जा रहा है। कहा गया कि बरकाकाना स्टेशन पर इन चार ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को रेल यातायात में काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। साथ ही यहां प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जीविका चला रहे सैंकड़ों लोगों के समक्ष रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो जाएगी।

स्थानीय लोगों की मांग पर विचार करते हुए वार्ड पार्षदों ने जल्द पहल करने का आश्वासन दिया। वार्ड पार्षद प्रतिभा शरण ने कहा कि नगर परिषद के 15 वार्ड पार्षद संयुक्त रूप से इस मसले पर हर संभव प्रयास करेंगे। इस संबंध में जलद ही डीआरएम, डीटीएम, सांसद और विधायक को रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की समस्या से अवगत कराया जाएगा और मसले पर हस्तक्षेप कर चार ट्रेनों का ठहराव यथावत जारी रखने की मांग की जाएगी।
ये रहे उपस्थित
मौके पर वार्ड पार्षद देवधारी महतो, बेबी देवी, रेणु कुमारी, सोनी कुमारी, हाजरा खातून, संतोष मुंडा, नीरज पासवान, रंजीत कुमार पासवान, पवन कुमार यादव सहित शिव शरण साव, सुरेश चंद्र दास, शिवरंजन प्रसाद, सरिता देवी, सोनी देवी, निशा शर्मा, पिंकी देवी, आशा देवी, लक्ष्मी कुमारी, चंदा देवी, अमृता देवी, चंदा देवी सहित कई अन्य उपस्थित थे।
