घटनास्थल से चार खोखा और पर्चा बरामद, पुलिस छानबीन में जुटी
रामगढ़: पतरातू रेलवे फाटक के निकट निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज की साइट पर बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। गोलीबारी में स्टोर रूम में ड्यूटी कर रहा निजी गार्ड गोली लगने से घायल हो गया । जिसे उपचार के लिए रिम्स रांची ले जाया गया है। घटना रविवार की शाम 07:30 बजे की बताई जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में लगी एमजी कंस्ट्रक्शन के कैंप साइट पर रविवार की शाम एक अपाची बाइक पर दो अपराधी पहुंचे। जहां वे स्टोर गेट के पास हॉर्न बजाने लगे। इस दौरान निजी गार्ड प्रदीप राजवंशी ने जैसे ही गेट खोला अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस क्रम में एक गोली प्रदीप राजवंशी के पेट में जा लगी। फायरिंग के बाद अपराधी धमकी भरे कई पर्चे फेंक भाग निकले। आनन-फानन में घायल प्रदीप राजवंशी को रिम्स रांची ले जाया गया है।
घटना की जानकारी पर पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार और पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सदलबल पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। आसपास के थानों और ओपी को अलर्ट किया गया। अपराधियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
वहीं घटनास्थल से पुलिस ने जिंदा गोली, खोखा और फेंके गये कई पर्चे जब्त किए हैं। पर्चे में राहुल दुबे और अमन साहू गिरोह द्वारा बिना मैनेज किए काम करने पर गंभीर चेतावनी दी गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताते चलें कि इससे पूर्व भी अपराधियों ने साइट पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।
