पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के लिए करेंगे पुरजोर संघर्ष : जानकी यादव
रामगढ़: सयाल अंबेडकर भवन में बुधवार को बैकवर्ड क्लास ओबीसी कोल इंप्लाईज वेलफेयर एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव विशिष्ट अतिथि कोल इंडिया अध्यक्ष गुलाब सिंह, कोल इंडिया महासचिव जय बहादुर सिंह यादव, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता, सीसीएल अध्यक्ष दीपक कुमार, सीसीएल सचिव केडी यादव, सीसीएल संगठन मंत्री ननकू महतो, समाजसेवी विमलेश यादव, गिरधारी गोप, संतोष यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बरका-सयाल क्षेत्रीय अध्यक्ष सयाल निर्मल साव और संचालन संजय शर्मा ने किया।
सयाल अंबेडकर भवन में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि जानकी यादव ने मैदान में अवस्थित बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत अंबेडकर भवन में बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्जवलित कर आम सभा का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। वहीं शांति निकेतन विद्यालय बगरैया के छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
मौके पर मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव ने कहा कि झारखंड में काफी समय से नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत का चुनाव नहीं हुआ था। न्यायालय का भी आदेश था कि जब तक ओबीसी को आरक्षण नहीं दिया जाएगा तब तक चुनाव नहीं होगा। यह हम सभी के प्रयास का फल है कि झारखंड में पहली बार आरक्षण के साथ चुनाव हुआ। उन्होंने कहा कि पूरे कोल इंडिया में कहीं भी आपके साथ अन्याय होगा तो मुझे अपने साथ खड़ा पाइएगा। हम सभी जुझारू लोग हैं और अधिकारों के लिए हर स्तर पर पुरजोर संघर्ष को तैयार हैं।
मौके पर क्षेत्रीय सचिव लालो महतो, प्रभारी बरका-सयाल नकुल प्रजापति, सयाल उत्तरी पंचायत के पूर्व मुखिया सतेन्द्र यादव, सुरेश प्रसाद, महावीर प्रसाद, संतोष प्रजापति, वरूण कुमार, बीपी मेहता, लखन कुमार, विजय कुमार, जगदीश प्रसाद, रविंद्र विश्वकर्मा, गया शंकर यादव, माया मेहता, मीना सिंह, संजय कुमार यादव, रामविलास यादव, डॉ. जीआर भगत, नरेश करमाली, जितेन्द्र यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
