स्वास्थ्य सेवाओं में बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही : उपायुक्त 

गिरिडीह: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जिसमें प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) योजना की प्रगति, सदर अस्पताल गिरिडीह के रक्त केंद्र के संचालन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने PM-ABHIM योजना के तहत चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

वहीं सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त संग्रहण एवं वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सहिया कर्मियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कड़े निर्देश दिए कि यदि कोई सहिया अपने क्षेत्र में एक महीने के भीतर कम से कम एक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित नहीं करती है, तो इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सिविल सर्जन को सहिया कर्मियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा टीकाकरण कार्यक्रम, पोषण अभियान एवं अन्य जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सिविल सर्जन, उप नगर आयुक्त, अस्पताल उपाधीक्षक, सहायक नगर आयुक्त, जिला आरसीएच पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीपीएम, एनएचएम समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!