रामगढ़: यह विकास और सुशासन की जीत है, यह भाजपा पर जनता के बढ़ते विश्वास की जीत है, लोकतंत्र की जीत है। यह बातें बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर कही हैं।
प्रेस बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा है कि यह ऐतिहासिक जनादेश इस बात का सशक्त प्रमाण है कि देश की जनता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी, निर्णायक और मजबूत नेतृत्व पर पूरा विश्वास रखती है। आज का मतदाता जाति, क्षेत्रवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। विशेषकर पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता ने इस परिणाम के माध्यम से परिवर्तन और प्रगति का स्पष्ट संदेश दिया है।
रोशन लाल चौधरी ने आगे कहा कि यह विजय केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की आशाओं, आकांक्षाओं और विश्वास की जीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी, युवाओं के लिए बेहतर अवसर सृजित करेगी, महिलाओं को सशक्त बनाएगी तथा राज्य को समृद्धि और सुशासन के पथ पर अग्रसर करेगी।
उन्होंने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह विजय उनकी अथक मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने ही इस जीत को संभव बनाया है।
अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र और “विकसित भारत” के संकल्प के साथ विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
