जनसंपर्क कर क्षेत्रवासियों को एकजुट करने का लिया निर्णय 

रामगढ़: भुरकुंडा क्षेत्र कोयलांचल संघर्ष समिति की बैठक मंगलवार को सतबहिनी मंदिर भुरकुंडा के प्रांगण में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता मुखिया सह समिति अध्यक्ष अजय पासवान और संचालन आशीष गुप्ता ने किया। बैठक में भुरकुंडा सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया गया। कहा गया कि  बीते 12 मई को सीसीएल भुरकुंडा परियोजना पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। जिसपर उन्होंने जल्द से जल्द त्रिपक्षीय वार्ता बुलाने का आश्वासन दिया था। इधर 12 दिन बीत जाने के बाद भी वार्ता आयोजित नहीं की गई। जबकि आउटसोर्सिंग कंपनी का काम निरंतर जारी है। वहीं बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि भुरकुंडा कोयलांचल में जगह-जगह बैठक कर क्षेत्रवासियों को एकजुट किया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा।

बैठक में मुखिया अजय पासवान ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी जल्द से जल्द माइनिंग प्लान से समिति को अवगत कराएं। माइनिंग के क्रम में यदि किसी भी घर-मकान को उजाड़ा जाता है, तो प्रबंधन को पुनर्वास की व्यवस्था हर हाल में करनी होगी। माइनिंग से होनेवाले प्रदूषण की रोकथाम सुनिश्चित करना होगा और क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजी-रोजगार से भी जोड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रबंधन जल्द वार्ता कर माइनिंग प्लान बताए और मांग पत्र में दिए गए सभी बिंदुओं पर स्थित स्पष्ट करें। जल्द पहल नहीं करने पर समिति संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी और आउटसोर्सिंग कंपनी का काम ठप कराया जाएगा। 

बैठक में श्रीनाथ करमाली, जगतार सिंह, पकंज कुमार, फिरदौष आलम, नरेश नायक, राजेंद्र करमाली, किशोर नायक सहित अन्य लोग मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!