| जमीन विवाद का मामला, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी |
महिला-पुरूष समेत छह आरोपित गिरफ्तार
मांडू (रामगढ़): मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत हुआग पंचायत के सियारी टांड़ में मंगलवार को जमीन विवाद में एक व्यक्ति की सरेआम पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रबोध गांव निवासी बालेश्वर पटेल के रूप में हुई। वे गिरिडीह में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार बालेश्वर पटेल सोमवार को गिरीडीह से अपने घर रबोध आए थे। हुआग में एक दिन पूर्व उनकी 11 डिसमिल जमीन पर डीप बोरिंग का काम हुआ था, जिसे देखने वे मंगलवार की सुबह हुआग पहुंचे। इस दौरान 6-7 की संख्या में पहुंचे स्थानीय महिला-पुरूषों ने उनके साथ लाठी-डंडे और ईंट से मारपीट शुरू कर दी। बेसुध होकर जमीन पर गिर जाने के बावजूद बेहरहमी से उनकी पिटाई करते हुए ईंट मारकर उनका सिर कुचल दिया गया। मामले की जानकारी पर पहुंचे परिजन स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में बालेश्वर पटेल को रामगढ़ के दी होप अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत की पुष्टि कर दी गई।

घटना की सूचना पर रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, मांडू इंस्पेक्टर रजत कुमार, थाना प्रभारी सदानंद प्रसाद, वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सदलबल घटनास्थल पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए। मामले में मुख्य अभियुक्त रामू साव समेत कुल छह महिला-पुरूषों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं हत्या के संबंध में मृतक की पत्नी रीता देवी ने मांडू थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में रीता कुमारी ने रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, विनय कुमार और डोली कुमारी को नामजद आरोपित बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर उनके पति की हत्या की है। जबकि आवेदन में हुआग निवासी हेमंत पाण्डेय और दिनेश्वर साव को साजिशकर्ता बताया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच पड़ताल और अग्रेत्तर कार्रवाई में जुटी हुई है।
