गिरोह के अन्य सदस्यों की हुई पहचान, गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
• रामगढ़ जिले के भुरकुंडा से हथियार खरीदकर हजारीबाग में बिक्री करता है गिरोह
हजारीबाग: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत रसोइयाधमना में पुलिस ने अभियान चलाकर गिरोह एक सदस्य को देशी रिवाल्वर और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक बाइक भी जब्त की है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी रामगढ़ जिले से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में ऊंची कीमत पर बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि गिरोह का एक सदस्य बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना में हथियार बिक्री करने का प्रयास कर रहा है। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने रसोइयाधमना गांव में छापेमारी की। जहां युवक अपने घर के पास मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। पुलिस देख वह भागने लगा। जिसपर पीछा करते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए युवक ने अपनी पहचान स्थानीय मो. आमिर सोहेल उर्फ राजा यादव पिता यूनुस अंसारी बताई। पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदता था और फिर हजारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों को खोजकर अधिक दाम में बेचता था।
पुलिस ने अभियुक्त के निशानदेही पर एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल, सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। अपने स्वीकारोक्ति बयान में उसने गिरोह के चार सदस्यों का नाम भी बताया है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गई है। अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी सदलबल शामिल थे
