सीसीएल प्रबंधन की तानाशाही की शिकायत की
रामगढ़: सौंदा ‘डी’ पंचायत बचाओ संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज से उनके कार्यालय में मुलाकात की। साथ ही पत्र देकर सौन्दा ‘डी’ पंचायत सीसीएल और निजी माइनिंग कंपनी की तानाशाही से अवगत कराया। उपायुक्त से कहा गया कि विगत कुछ महीनों से सीसीएल प्रबंधन सौन्दा ‘डी’ के ग्रामीणों को हटाने हेतु नोटिस बांट रही है। नोटिस में समस्त ग्रामीणों के घरों और धार्मिक स्थलों सहित पंचायत भवन, सचिवालय, पोस्ट ऑफिस बैंक, एटीएम, आंगनबाड़ी, मध्य विद्यालय, सामुदायिक भवन, उच्च विद्यालय, गिरिजाघर, अम्बेदकर स्मारक भवन, प्रज्ञा केन्द्र पर नोटिस चिपकाया जाने लगा है।
इस मसले पर सीसीएल प्रबंधन ने पंचायत प्रतिनिधि, ट्रेड यूनियनों और ग्रामीणों से किसी भी तरह कोई बातचीत नहीं की है। पंचायत और यहां के लोगों के हितों की पूरी तरह से अनदेखी कर प्रबंधन माइनिंग शुरू कराने का प्रयास कर रही है। मामले पर उपायुक्त ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पंचायत बचाओ संघर्ष समिति अध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा, सचिव संजय यादव, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि डब्लू पाण्डेय, उप मुखिया संजय भारती, संतोष शर्मा, राकेश सिन्हा, दीपक सिंह, संजय सिंह, दीपक कुमार, उमेश साव, सल्लू, शाहिद अंसारी शामिल थे।
