पतरातू (रामगढ़): झारखंड पर्यटन विभाग की ओर से पतरातू डैम को म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की बड़ी सौगात मिली है। यहां आनेवाले पर्यटक अब प्रकाश और संगीत की जुगलबंदी के बीच थिरकते फौवारे का अनूठा अनुभव पा सकेंगे। साथ ही साथ दो फ्लोटिंग रेस्टोरेंट “मयूराक्षी” और “कोयल” में लजीज व्यंजनों के साथ दिलकश नज़ारों का भी आनंद उठा सकेंगे। कुल मिलाकर अब पतरातू डैम की शाम रूमानी एहसास के साथ यादगार लम्हे जरूर दे जाएगी। 

पतरातू डैम परिवार में नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन गुरुवार को झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया। अवसर पर विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, विधायक रामगढ़ ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतिश कुमार, प्रबंध निदेशक जेटीडीसी, पूर्व विधायक बड़कागांव अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि रामगढ़ राजीव जायसवाल, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन के उपरांत मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण राज्य है। राज्य सरकार द्वारा पर्यटन स्थलों के विकास एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पतरातू डैम झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और यहां विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं से पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि म्यूजिकल फाउंटेन पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण का केंद्र बनेगा। संगीत, प्रकाश और जल की मनमोहक प्रस्तुति पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी। वहीं, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के माध्यम से पर्यटक जलाशय के मनोहारी वातावरण के बीच भोजन और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे। 

उन्होंने कहा कि उन्होंने बताया कि भविष्य में पतरातू डैम में हाउसबोट की सुविधा भी शुरू की जाएगी। साथ ही रांची के धुर्वा एवं गेतलसूद डैम में भी इसी तरह के फ्लोटिंग रेस्टोरेंट विकसित करने की योजना पर कार्य चल रहा है। कहा कि सरकार का उद्देश्य झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाना है।

फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में एक समय में 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां पर्यटक भोजन का आनंद लेने के साथ-साथ बर्थडे पार्टी, बिजनेस मीटिंग, प्री-वेडिंग शूट, एंगेजमेंट और अन्य निजी आयोजनों का आयोजन भी कर सकेंगे। इसकी बुकिंग झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) की वेबसाइट के माध्यम से भी की जा सकेगी।

अवसर पर पर्यटन एमडी प्रेम रंजन देव, पतरातू अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया, एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!