रिपोर्ट – एस अंसारी 

रांची: बेड़ो थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा के निकट बीते 9 जुलाई को हुए रविंद्र मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार बीते 9 जुलाई घाघरा बरटोली निवासी रविंद्र मुंडा (26 वर्ष) पिता सुरेंद्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में बेड़ो थाना में कांड संख्या 76/26, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस एवं 25(1-B)/26/27/35 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया था।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के फरार मुख्य आरोपी विकास मुंडा उर्फ लेटी मुंडा, पिता सोमरा मुंडा, निवासी सुवार टोली, थाना बेड़ो को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करने की फिराक में था। जबकि रविंद्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से मना किया। जिसपर दोनों में विवाद हो गया और इसी दौरान उसने गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 1 देशी पिस्टल और 3 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त पल्सर 220 और होंडा साइन मोटरसाइकिल पहले ही जप्त की जा चुकी है।बताया जाता है कि इस कांड में शामिल अन्य दो आरोपी विकास महतो पिता सुखराम महतो और विजय मुण्डा पिता बुलु मुण्डा, दोनों निवासी मधुपुर घाघरा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अभियुक्त विकास मुंडा पूर्व से दो संगीन मामले दर्ज हैं। 

छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी कफील अहमद, पुलिस अवर निरीक्षक उत्तम कुमार पासवान, अनिल टोप्पो, शौकत अली और बेड़ो थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!