रामगढ़: उपायुक्त की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। पेंशन से संबंधित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से आयोजित इस पेंशन अदालत में विभिन्न विभागों से जुड़े पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पेंशन अदालत के दौरान कुल 40 मामलों को प्रस्तुत किया गया। सभी मामलों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए। 

अवसर पर महालेखागार कार्यालय रांची के आधिकारिक दल द्वारा पेंशन अदालत में उपस्थित जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों सहित अन्य कर्मियों को पेंशन से संबंधित ‘समाधान पोर्टल’ के उपयोग के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के माध्यम से पेंशन मामलों के ऑनलाइन पंजीकरण, लंबित मामलों की निगरानी, शिकायतों के निष्पादन एवं समयबद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।

इस दौरान अधिकारियों ने समाधान पोर्टल के प्रभावी उपयोग से पेंशन मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित होने की बात कही। साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी दी गई। पेंशन अदालत में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, महालेखागार कार्यालय रांची के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!