4 सितंबर तक सुधार का मौका, 7 अक्टूबर को आएगी अंतिम सूची
रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची और ASDD सूची प्रकाशित कर दी गई। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता अब अपना नाम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से देख सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि अब तक 2 करोड़ 21 लाख 1 हजार 249 गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 83.51% है। करीब 43.61 लाख प्रपत्र विभिन्न कारणों से प्राप्त नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति और नाम जोड़ने की प्रक्रिया 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम छूट गया है वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। नाम, पता या आयु में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र से सुधार भी कराया जा सकेगा। दावा-आपत्ति के निस्तारण के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने कहा, “मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। हर पात्र नागरिक अपना नाम जरूर जांचे और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें।” सीईओ ने स्पष्ट किया कि बिना नोटिस और कारणयुक्त आदेश के किसी का नाम नहीं काटा जाएगा।
| कहां देखें सूची
ऑनलाइन: ECINET मोबाइल ऐप, वोटर्स सर्विस पोर्टल `voters.eci.gov.in’, CEO झारखंड वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in` पर “SIR Draft Roll 2026” और “SIR ASDD List 2026” लिंक। ऑफलाइन: मतदान केंद्र, पंचायत कार्यालय, नगर निकाय, जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ERO और AERO कार्यालय।
|
