छात्रों के संघर्ष में साथ खड़ी है भाजपा : आदित्य साहू
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची: राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन को शनिवार को भाजपा का खुला समर्थन मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आंदोलन स्थल पहुंचकर अनशन पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से तत्काल पहल करने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पहले अस्पताल में भर्ती अनशनकारी राहुल क्रांति से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके बाद वे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की मुख्य मांग भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच होनी चाहिए है। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों के सवालों का जवाब देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के संघर्ष में भाजपा पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी देश के अन्य हिस्सों में छात्रों के मुद्दे उठाते हैं, तो उन्हें झारखंड के आंदोलनरत छात्रों की आवाज भी सुननी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से राज्य सरकार पर सीबीआई जांच के लिए दबाव बनाने या छात्रों के साथ धरने पर बैठने की चुनौती दी।
बताते चलें कि आंदोलनकारी छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा के महाघेराव का ऐलान किया है। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, अमर बाउरी सहित अन्य मौजूद रहे।
