175 छात्र-छात्राओं की पुस्तकों का हुआ विमोचन, स्कूल को मिला AAA+ ग्रेड
रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुईयांडीह (घाटो) में शनिवार को ‘जर्नी ऑफ एक्सीलेंस 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि रामगढ़ पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा और टाटा स्टील के मुख्य सीईपी सह स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सहित विशिष्ट अतिथि अखिलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 175 विद्यार्थियों द्वारा Bri Books के सहयोग से लिखी गई पुस्तकों का विमोचन किया गया। साथ ही सभी बाल-लेखकों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। अवसर पर मुख्य अतिथि अकरम रज़ा ने कहा कि सृजनशीलता को अवसर और रचनात्मकता को मंच मिले, तो उत्कृष्टता की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं राजेश कुमार ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सत्र 2024–25 की कक्षा 12वीं की छात्रा *अंजली सिंह को सम्मानित किया गया। अंजली ने बीते दिनों एक ओलंपियाड में रामगढ़ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए उन्हें ₹2100 की पुरस्कार राशि भी मिली। इस उपलब्धि से उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान हर्ष व्यक्त करते हुए बताया गया CAREERS360 के ‘भारत के अच्छे स्कूल 2026’ में विद्यालय को शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के लिए AAA+ ग्रेड प्राप्त हुआ है। यह विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर देना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकोन, शिक्षकेत्तर कर्मियों और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
