रामगढ़: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मंत्री ग्रामीण विकास विभाग ग्रामीण कार्य विभाग तथा पंचायती राज विभाग दीपिका पाण्डेय सिंह ने जिले के सिदो- कान्हू मैदान में सभी जिले वासियों को शुभकामनाएं दी। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम दीपिका पाण्डेय सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने ने झंडोत्तोलन किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रामगढ़ की छात्राओं द्वारा बैंड प्रस्तुति दी गई। बैंड समूह को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि 15 अगस्त भारतीय इतिहास का एक स्वर्णिम दिवस है। वर्ष 1947 में आज ही के दिन हमारा देश सदियों की गुलामी से आजाद हुआ और भारत ने एक संप्रभु एवं स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान स्थापित की। इस पावन अवसर पर हम देश और झारखंड के उन सभी अमर वीर सपूतों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं, जिनके त्याग, बलिदान और अथक प्रयासों से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज हमारा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और झारखंड भी प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं और माननीय मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में विकास का नया आयाम स्थापित हो रहा है। रामगढ़ जिले में भी जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा आम जनता के सहयोग से अनेक विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में रामगढ़ जिले को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया। निर्धारित 25,33,556 मानव-दिवस के लक्ष्य के विरुद्ध 26,73,652 मानव-दिवस का सृजन हुआ, जो 106 प्रतिशत है। इसमें महिलाओं की भागीदारी 54 प्रतिशत रही। बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के अंतर्गत 2,381 कूपों का निर्माण किया गया।
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 1,062 एकड़ में आम बागवानी की योजनाएँ संचालित की गईं तथा 6 टन आम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंदन एवं दुबई में निर्यात किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत अब तक बड़ी संख्या में आवासों का निर्माण पूर्ण हुआ है और शेष आवासों को भी शीघ्र पूर्ण कराने का कार्य जारी है। अबुआ आवास योजना तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के माध्यम से भी जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में पलाश के माध्यम से जिले के 329 गांवों में 94,215 परिवारों को संगठित कर 8,625 सखी मंडलों का गठन किया गया है। सखी मंडलों को चक्रीय निधि एवं सामुदायिक निवेश निधि से सहायता दी गई है तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से लगभग 2,600 करोड़ रुपये के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के माध्यम से वैकल्पिक रोजगार के लिए महिलाओं को ब्याज मुक्त ऋण की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं ई-संजीवनी UDID कार्ड मातृत्व सेवाओं, मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा टीबी मरीजों के निःशुल्क इलाज एवं पोषण सहायता जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में हमारा उद्देश्य है कि आम नागरिकों को उनके निकट बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हों।
इस वित्तीय वर्ष में DMFT के तहत स्वास्थ्य और शिक्षा को मुख्य प्राथमिकता दी गई है। सदर अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को अपग्रेड करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि मरीजों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यालयों के आधारभूत ढाँचे एवं सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
शिक्षा विभाग द्वारा जिले के 606 सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत 72,087 बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यालयों में ICT लैब एवं अन्य डिजिटल सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि रामगढ़ कैंट के बालिका मध्य विद्यालय के कक्षा 3 के छात्र लक्ष्य कुमार वर्णवाल ने National Level FLN Championship 2026 में अंग्रेजी विषय में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से हजारों लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत 1,27,970 लाभुकों को 2,500 रुपये की दर से भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना तथा मुख्यमंत्री दिव्यांग कल्याण योजना के माध्यम से भी पात्र लाभुकों को सहायता प्रदान की गई है।
आपूर्ति व्यवस्था के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों में दाल-भात केंद्र संचालित हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। मत्स्य क्षेत्र में वर्ष 2025-26 में 10,500 टन मछली उत्पादन हुआ तथा वर्ष 2026-27 के लिए 12,000 टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। DMFT के तहत मत्स्य पालकों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए केज बैटरी की स्थापना भी की गई है।
पशुधन विकास, श्रमिक कल्याण, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, आपदा प्रबंधन तथा वनाधिकार के क्षेत्र में भी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुँचाया जा रहा है। श्रम विभाग द्वारा ई-श्रम पोर्टल पर 2,77,157 मजदूरों का पंजीकरण कराया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
रामगढ़ जिले के समग्र विकास के लिए पर्यटन क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने तथा पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाएँ संचालित हैं। पतरातू डैम के छठ घाट के समीप Musical Fountain का कार्य पूर्ण कर 16 जुलाई 2026 को उद्घाटन किया जा चुका है।

वहीं महामाया मंदिर माया टुंगरी, माँ पंचवाहिनी मंदिर, शिव मंदिर, कैथा और टूटी झरना जैसे अधिसूचित पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। पतरातू प्रखंड के पलानी वाटर फॉल को ट्रैकिंग रूट के रूप में अधिसूचित किया गया है। खेल क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं तथा रामगढ़ में खेल छात्रावास एवं जिला स्तरीय कला केंद्र के निर्माण की दिशा में प्रस्ताव भेजा गया है।

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के अंतर्गत जिले में विभिन्न योजनाएँ प्रगति पर हैं। प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों एवं अन्य आवासीय भवनों के निर्माण का कार्य भी चल रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क प्रशासनिक सुविधा और नागरिक सेवाओं को मजबूत करना है।
इस वित्तीय वर्ष में DMFT के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए लगभग 102.5 करोड़ रुपये की योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य एवं शिक्षा की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को विकसित कर आमजनों और आगंतुकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल योजनाओं को लागू करना नहीं, बल्कि उनके माध्यम से आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाना है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, जब हमारे बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त करें, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले और प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने की सुविधा मिले।
VB-G RAM G सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) मनरेगा के तहत वितीय वर्ष 2025.26 में मनरेगा अंतर्गत विभिन्न पैरामीटर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ जिला को राज्य स्तर पर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रथम स्थान के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

मुख्यमंत्री पंचायत पुरुस्कार योजना के तहत रामगढ़ जिला को उत्कृष्ट जिला के रूप में प्रथम पुरुस्कार प्राप्त हुआ है एवं गोला प्रखंड को उतरी छोटानागपुर प्रमंडल में स्वच्छ एवं स्वस्थ प्रखंड तथा दुलमी को उत्कृष्ट प्रखंड के रूप में राज्य द्वारा सम्मानित किया गया है।
टीबी मुक्त Campaign के तहत Food Basket Distribution में झारखंड में रामगढ़ नंबर 1 स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर प्रबंधन एवं जरूरतमंद परिवारों तक समय पर खाद्य सामग्री पहुंचाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह सफलता हमारी प्रतिबद्धता और टीम भावना को दर्शाती है तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है।
अंत में उन्होंने कहा कि इसी आशा और अपेक्षा के साथ कि आने वाले समय में हमारा झारखंड एक सशक्त राज्य के रूप में विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर होगा, मैं जिला प्रशासन की ओर से रामगढ़वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूँ। आइए, स्वतंत्रता दिवस के इस शुभ अवसर पर हम सभी मिलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लें।

अवसर पर विधायक रामगढ़, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के द्वारा समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानी कृष्णा राम की आश्रिता को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गान हेतु राधा गोविंद पब्लिक स्कूल रामगढ़ कि छात्राओ को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन कमल किशोर बगड़िया और शिक्षक दिलीप शाह ने किया।
गौरतलब हो कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज द्वारा अपने गोपनीय कार्यालय और जिला समाहरणालय के ब्लॉक ए स्थित कार्यालय के समक्ष झंडा फहराया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के द्वारा समाहरणालय स्थित ब्लॉक सी एवं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल द्वारा समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी में झंडा फहराया गया।

| स्वतंत्रता दिवस समारोह में ये हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान झारखंड अलग राज्य के गठन हेतु किए गए आंदोलन के चिन्हित आंदोलनकारियो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया वहीं विशेष उपलब्धि, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मियों, व्यक्तियों में अनुसेवक शंकर कुमार दास, ग्रामीण पुलिस चौकीदार नीतू कुमारी, परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद रामगढ़ फणींद्र कुमार गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर विकास शाखा हरिहर साव, पुलिस निरीक्षक गोला पंकज कुमार, थाना प्रभारी बरलंगा अशोक कुमार, थाना प्रभारी पतरातू शिवलाल गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक कुजू राजेश कुमार, यातायात थाना आरक्षी 526 प्रताप कुमार सिंह, आईटी मैनेजर वेदांत कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी मांडू डॉक्टर सरिस सना, सहिया साथी रीना देवी, एएनएम मगनपुर सुधा कुमारी, अध्यक्ष मारवाड़ी युवा मंच, सहायक शिक्षक उत्क्रमित उच्च विद्यालय सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, महिला सहायक शिक्षक कुज्जू मनीषा धवन, सफाई मित्र रीता देवी, सहायिका गीता देवी, सेविका गोला अनीता देवी, सहायक अभियंता शुभम सचान, अध्यक्ष कुजू मत्स्य जीवी शशिकांत महतो, सचिव मत्स्य जीवी सहयोग चितरपुर किशोरी केवट, अनुसेवक करण कुमार, प्रगतिशील किसान दुलमी गणेश महतो, प्रगतिशील किसान पतरातू सरिता देवी, एफटीसी महेंद्र कुमार कश्यप, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री नयन गोस्वामी, आंगनबाड़ी सेविका आरती रजक, जनसेवक चित्रा सिंह मुंडा, पंचायत सचिव राजेश भास्कर, ग्राम रोजगार सेवक पंचायत सतीश कुमार को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। |
