रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह (घाटों) में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण माहौल में हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। इस वर्ष “स्वतंत्रता का सम्मान, भविष्य का निर्माण” थीम पर पूरा परिसर तिरंगे के रंग में सराबोर रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के चीफ सीईपी और टाटा डीएवी भुइयांडीह के एलएमसी सह अध्यक्ष राजेश कुमार थे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी संगीता कुमारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में हजारीबाग के सांसद प्रतिनिधि डॉ. अरविंद कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, अभिभावक और पूर्व छात्र कार्यक्रम में शामिल हुए।

ध्वजारोहण से हुई शुरुआत
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद एनसी और हाउस के विद्यार्थियों का अनुशासित मार्च पास्ट हुआ। विद्यार्थियों की कदमताल, वर्दी की चमक और जयघोष ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति का भाव भर दिया।

देशभक्ति से सराबोर रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, ओजस्वी भाषण, समूह नृत्य, दांडी मार्च का जीवंत चित्रण और अहिंसा की शक्ति पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। ‘वंदे मातरम् – एकता और गौरव की यात्रा’नामक प्रस्तुति को दर्शकों ने खड़े होकर सराहा। हर प्रस्तुति में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान और आज के भारत के संकल्प की झलक दिखी।

नेतृत्व क्षमता का दिखा उदाहरण
इस वर्ष के समारोह की सबसे उल्लेखनीय बात विद्यार्थियों द्वारा पूरे आयोजन की कमान संभालना रही। योजना बनाने से लेकर मंच संचालन, अतिथि स्वागत, साज-सज्जा, अनुशासन और व्यवस्थाओं तक हर जिम्मेदारी छात्र परिषद के विद्यार्थियों ने खुद निभाई। इस अभिनव पहल के तहत कक्षा 10 की छात्रा अदिति कुमारी को एक दिन के लिए बाल प्राचार्या बनाया गया। अदिति ने मंच से अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया और अपने आत्मविश्वास भरे संबोधन से सभी को प्रभावित किया। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में नेतृत्व, उत्तरदायित्व, टीमवर्क, समय प्रबंधन और निर्णय क्षमता जैसे जीवन कौशल विकसित होते हैं। 
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समारोह में मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने सत्र 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही 26वीं झारखंड राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले 11 विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया है।

बच्चों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना लक्ष्य : प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है। हमारा लक्ष्य ऐसे नागरिक तैयार करना है जो जिम्मेदार, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और नेतृत्व क्षमता से भरपूर हों। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान, आभार ज्ञापन और मिठाई वितरण के साथ हुआ।


