गिद्दी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल गिद्दी-ए में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और “भारत माता की जय” के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एएमओ जेड. आई. खान, एसओपी राजीव सिंह, एसओ एस. के. मिश्रा, अरुण सिंह, करुण सिंह, गुड्डू यादव, राजू रंजन तिवारी, चंदन सिंह, सुभाष राजभर और प्रवीण सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
समारोह की शुरुआत “वंदे मातरम्” गायन और ध्वजारोहण के साथ हुई। प्राचार्य एम. पी. चटर्जी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में देशप्रेम, कर्तव्यबोध और नैतिक मूल्यों का विकास शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की जानकारी भी अभिभावकों को दी।

छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की विविध संस्कृति को प्रस्तुत किया। अवसर पर मुख्य अतिथि सत्यजीत कुमार ने कहा कि आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि इसके संरक्षण और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी हमारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति अपनाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों के बीच मिठाइयां बांटी गईं।

