गिद्दी हजारीबाग): सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गिद्दी बस्ती के प्रांगण में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिद्दी कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंधीर कुमार सिंह उपस्थित थे। समारोह का शुभारंभ संपूर्ण ‘वंदे मातरम’ के सुमधुर गायन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मिश्र ने मंचासीन अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया और मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रंधीर कुमार सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदानों को याद करते हुए बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए युवाओं और बच्चों का योगदान सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ शिक्षा ग्रहण कर देश सेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत साहसिक पिरामिड निर्माण रहा, जिसने उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित और मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का समापन वैदिक शांति मंत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य, दीदी जी, प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

