रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो (भुइयांडीह) में शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह प्रकट करते हुए एक भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सर्वप्रथम कार्यक्रम में देश के महान शिक्षाविद् एवं भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को स्मरण करते हुए सभी ने उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बच्चों ने मनमोहक नृत्य, ज्ञानवर्धक क्विज एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से शिक्षकों का मनोरंजन किया। अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने जीवन को दिशा देने, ज्ञान प्रदान करने, संस्कार विकसित करने तथा निरंतर प्रेरित करने में शिक्षकों के अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों की सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में केवल ज्ञान का प्रकाश ही नहीं फैलाते, बल्कि उन्हें संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन-मूल्यों से भी समृद्ध करते हैं।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रति आभार एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।यह आयोजन विद्यालय में गुरु-शिष्य के स्नेह, सम्मान और विश्वास के भाव को और अधिक प्रगाढ़ किया।
