भुरकुंडा (रामगढ़): थाना क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा बाजार में संकट मोचन मंदिर के समीप चोरों ने एक दुकान का करकट तोड़कर नगदी समेत खाद्य सामग्री की चोरी कर ली। घटना में दुकान में रखे 26 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान गायब होने की बात सामने आई है। चोरी से बाजार के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार भुजा दुकान संचालक रविंद्र कुमार बुधवार की रात करीब 9:30 बजे प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान का करकट शीट टूटा हुआ पाया। दुकान के अंदर सामान बिखरे पड़े थे और गल्ले में रखे पैसे गायब थे।
दुकानदार ने बताया कि चोरों ने दुकान का करकट शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे 26 हजार रुपये नगद समेत खाद्य पदार्थों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसकी सूचना भुरकुंडा ओपी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुकान संचालक से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

