विद्यार्थियों ने दिखाई अभिव्यक्ति और कल्पनाशीलता
भुरकुंडा (रामगढ़): ए’ला एंगलाइज स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में मंगलवार को कहानी-कथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने हिंदी,अंग्रेजी तथा संस्कृत भाषाओं में अपनी पसंदीदा कहानियों का प्रभावशाली कथन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का मूल्यांकन भाषा,शारीरिक भाषा, विषय-वस्तु, स्वर-लय, समय-प्रबंधन तथा नैतिक संदेश जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से कहानी को जीवंत बनाने का सराहनीय प्रयास किया।
मौके पर निर्णायक मंडल में विद्यालय के प्राचार्य बिजयंत कुमार, सचिव डॉ. गजाधर महतो प्रभाकर, प्रशासक संजय कुमार और गीता प्रसाद शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में सोफिया अक्सा (अंग्रेजी), नमन सोनी (हिंदी) और नव्या मिश्रा (हिंदी) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में आयुष वर्मा (अंग्रेजी), समन कुमार (हिंदी) एवं सौम्या कुमारी (संस्कृत) ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य बिजयंत कुमार ने कहा कि कहानी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और जीवन-मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है।ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल को विकसित करती हैं। सचिव डॉ.गजाधर महतो प्रभाकर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और अपनी रचनात्मक क्षमता को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासक संजय कुमार, गीता प्रसाद, सूरज देव सिंह, कंचन सोनी, अजीत कुमार, कुमार विश्वकसेन, सीमा हेंब्रम, नीतू सिंह, ललिता कुमारी और बबीता सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
