रामगढ़ : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं प्लस-2 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में प्रोजेक्ट रेल, आकलन परीक्षा की प्रगति और मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारी की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने और परीक्षा की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। इस दौरान विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, निर्माण कार्यों और रख-रखाव पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मध्याह्न भोजन, पाठ योजना, रूटीन, पुस्तकालय, शौचालय, विज्ञान प्रयोगशाला और स्टॉक पंजी की बिंदुवार समीक्षा की गई। छात्र कल्याण योजनाओं के तहत विकास कोष आईएफए और एल्बेंडाजोल वितरण, छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेयजल और बिजली की स्थिति की समीक्षा कर पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी सहित सभी प्रधानाध्यापक मौजूद थे।
