रांची/चतरा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग की टीम ने चतरा सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी को 15 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। घूस की रकम गिद्धौर निवासी तुलसी यादव से दाखिल-खारिज के एवज में मांगी जा रही थी। जिसकी शिकायत उन्होंने एसीबी से कर दी। 

मिली जानकारी के अनुसार सदर अंचल के हल्का-7 का राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद दाखिल-खारिज के एवज में गिद्धौर निवासी तुलसी यादव से 30 हजार रुपये की घूस की मांग कर रहे थे। तुलसी यादव की शिकायत पर एसीबी हजारीबाग की टीम ने मामले का सत्यापन करते हुए योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया। 

घूस की पहली किश्त 15 हजार रुपये लेकर तुलसी यादव मंगलवार को तकरीबन 12: 30 बजे प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचे। जहां राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद के रूपये लेते ही एससीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। एसीबी की टीम संतीश प्रसाद को साथ लेकर हजारीबाग चली गई है। जहां पूछताछ करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।