रांची: झारखंड हाईकोर्ट के तीन नये न्यायाधीश मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने बुधवार को पद की शपथ ली। हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने सुबह 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर में तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के अलावा अधिवक्ता, न्यायिक पदाधिकारी, नवनियुक्त जजों के परिजन और रिश्तेदार मौजूद रहे।
न्यायाधीश बनने से पहले मनोज प्रसाद गढ़वा, अखिल कुमार साहिबगंज और राम शर्मा पलामू में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
तीनों की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को अधिसूचना जारी की थी। यह नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सलाह और राष्ट्रपति की सहमति के बाद हुई।
तीनों के पदभार संभालने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो गई है। न्यायाधीशों की संख्या में इस बढ़ोतरी से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और निपटारे की प्रक्रिया पर इसका असर पड़ेगा।
