धनबाद: कोयला उद्योग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और आश्रित पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। कोयला खान भविष्य निधि संगठन (CMPFO) ने डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0’ शुरू किया है। यह अभियान 1 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बुजुर्ग, अस्वस्थ और चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनरों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पेंशनरों को प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या संबंधित कार्यालयों में लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिलेगी।
पेंशनरों को डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार है।

23 नवंबर 2026 को शिविर
पूर्वाह्न 11:30 बजे सीसीडब्ल्यूओ में आयोजित शिविर में बस्ताकोला एरिया (एरिया-9), बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन की इंडिपेंडेंट यूनिट्स, सेंट्रल हॉस्पिटल, सीसीडब्ल्यूओ, सीएमपीडीआई, बीटीएस, एमआरएस और डब्ल्यूसीडी क्षेत्र के पेंशनर शामिल हो सकेंगे।
25 नवंबर 2026 को शिविर
पूर्वाह्न 11:30 बजे कुसुंडा एरिया में आयोजित शिविर में कुसुंडा (एरिया-6), पीबी एरिया (एरिया-7), डब्ल्यूजे एरिया (एरिया-2), ईजे एरिया और सुदामडीह क्षेत्र (एरिया-11) के पेंशनरों को सुविधा मिलेगी।

27 नवंबर 2026 को शिविर
पूर्वाह्न 11:30 बजे सीवी एरिया में शिविर आयोजित होगा। इसमें सीवी एरिया (एरिया-12) के पेंशनर भाग ले सकेंगे।
CMPFO के अनुसार, पेंशनर निर्धारित तिथियों पर संबंधित शिविरों में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया समझ सकते हैं। अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी संगठन की आधिकारिक वेबसाइट www.cmpfo.gov.in और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
सहायक आयुक्त एवं क्षेत्रीय प्रमुख रवि कुमार सिन्हा ने सभी कोयला पेंशनरों से 30 नवंबर से पहले अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर प्रमाण पत्र जमा करने से पेंशन भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी।

