रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज अगले पांच दिनों तक बदलता रहेगा। सुबह कोहरा और कुहासा छाने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश तथा मेघ गर्जन की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी झारखंड के जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस बीच न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 9 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा या कुहासा रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 9 नवंबर को राजधानी रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

10 नवंबर को पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है। वहीं, 11 नवंबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी मौसम का यही रुख रहने की संभावना जताई गई है।
तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
तापमान के मोर्चे पर अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

रांची में ऐसा रहा तापमान
राजधानी रांची में 5 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 6 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री रहा। वहीं, 7 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 8 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 7 से 11 नवंबर तक झारखंड के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

