पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव में करमा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान कोयल नदी में बड़ा हादसा हो गया। एक दोस्त को डूबता देख बचाने के लिए नदी में उतरे अन्य चार दोस्त भी गहरे पानी में समा गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि पांचवें की तलाश जारी है।

मृतकों की पहचान नितेश कुमार, विशाल कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर और राजा सिंह के रूप में हुई है। पांचवां युवक हेमंत कुमार अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस, SDRF और ग्रामीण जुटे हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम पतरिया खुर्द के एक ही मोहल्ले के पांच दोस्त करमा पूजा की सामग्री का विसर्जन करने कोयल नदी गए थे। बताया जा रहा है कि सबसे पहले नितेश कुमार नदी में उतरा और अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसे बचाने के लिए विशाल, अमित, राजा और हेमंत भी एक-एक कर नदी में उतर गए, लेकिन किसी को तैरना नहीं आता था। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों ने शोर सुनकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी पानी में ओझल हो चुके थे।

बाद में ग्रामीणों और पुलिस ने अभियान चलाकर चार शवों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार चारों शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बह कर चले गए थे। जिस जगह हादसा हुआ वहां नदी की गहराई 25 से 30 फीट बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। सभी मृतक छात्र बताए जा रहे हैं और एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। सूचना पर डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया, एसडीपीओ राजेश यादव, चैनपुर थाना प्रभारी लालजी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लापता युवक हेमंत कुमार की तलाश के लिए SDRF की मदद ली गई है। पुलिस की टीम कोयल नदी के किनारे और गढ़वा के डंडा क्षेत्र तक सर्च अभियान चला रही है।

सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं विधायक आलोक चौरसिया ने सरकार से पीड़ित परिवारों को अविलंब मुआवजा देने की मांग की है।