श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

रामगढ़: जिले में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर रामगढ़ पुलिस ने भी कमर कस ली है। इस क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने मंगलवार को नयानगर, घुटूवा में दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सर्किल इंस्पेक्टर पतरातू सत्येंद्र कुमार और बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा भी सदलबल मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडाल, मेला मैदान पार्किंग स्थल, रावण दहन स्थल सहित सभी इंट्री और एक्जिट प्वाइंट का भी बारिकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से दुर्गा पूजा और मेले को लेकर की जा रही तैयारियों के संबंध में जानकारियां ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

सीसीटीवी, वाच टावर, लाइट और अग्निशमन को लेकर दी सख्त हिदायतें 

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने पूजा पंडाल के मुख्य द्वार से सामने सड़क तक महिला-पुरूष के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने के लिए निर्देशित किया। वहीं पूजा समिति द्वारा लगाए जा रहे 30 सीसीटीवी कैमरे को नाकाफी बताते हुए उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की संख्या 50 तक बढ़ाने और पंडाल के आसपास 360 डिग्री घूमने वाले (PTZ) लगाने को कहा। वहीं उन्होंने पूजा समिति को दो अग्निशमन वाहन स्टैंड बाई में रखने की हिदायत दी। इसके साथ ही मेले में लग रही सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र और सैंड बकेट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के सुझाव दिए। मैदान में निगरानी के लिए ऊंचे और पर्याप्त वाच टावर भी तैयार करने के निर्देश दिए। 

पार्किंग, यातायात और निगरानी व्यवस्था पर भी एसडीपीओ दिखे गंभीर 

पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत के क्रम में एसडीपीओ ने कहा कि निर्धारित पार्किंग शुल्क से अधिक लेने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। संभावित भीड़ के मद्देनजर पार्किंग की सुदृढ़ व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर समिति पहचान पत्र के साथ पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर नियुक्त करे। मेले में किसी प्रकार छेड़छाड़, चेन छिनतई और पॉकेटमारी की घटनाए नहीं होनी चाहिए। पुलिस हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। वहीं एसडीपीओ ने बरकाकाना ओपी प्रभारी को मेला संचालन से एक दिन पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

पब्लिक की सुरक्षा पहली प्राथमिकता : एसडीपीओ 

निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि रामगढ़ जिले में नयानगर, घुटुवा की दुर्गा पूजा काफी महत्व है। यहां बड़ी में श्रद्धालु पहुंचते हैं। विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पूजा समिति से बातचीत कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था सुदृढ़ और सुनिश्चित हो इसके लिए आगे भी निरीक्षण जारी रहेगा। आम लोगों और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस हर संभव कदम उठाएगी।

मौके पर सीसीएल नयानगर दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव धीरज कुमार, कोषाध्यक्ष नेपाल विश्वकर्मा, हरि रत्नम साहू, रत्न कुमार, संजय वर्मा, प्रदीप राम, खिरोधर महतो, सुशील महतो सहित अन्य उपस्थित रहे। इसके उपरांत एसडीपीओ ने गांधी मैदान, चिल्ड्रन पार्क और लोको कॉलोनी में दुर्गा पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया और प्रशासन द्वारा दी जानेवाली गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।