गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत दाड़ी प्रखंड के कोदवे जोबा चौक पर शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। गिद्दी पुलिस और यूथ स्पोर्टिंग क्लब डाड़ी और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में बड़कागांव अंचल के पुलिस निरीक्षक ललित कुमार और गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मैराथन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और युवाओं ने भाग लिया।दौड़ के बाद सभी प्रतिभागियों को पानी और नाश्ता दिया गया। साथ ही विजेताओं को टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता अभियान भी चलाया गया। जिसमें मैराथन के प्रतिभागी बच्चों और ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया गया। वहीं बाल विवाह, दहेज प्रथा, मानव तस्करी, डायन प्रथा, मॉब लिंचिंग और मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने साइबर अपराध पर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आकस्मिक पुलिस सहायता के लिए डायल 112 के संबंध में भी जानकारी दी। मोबाइल गुम होने CEIR पर शिकायत दर्ज कराने की भी अपील की गई।