सिमडेगा/रांची: बांसजोर ओपी क्षेत्र में कुरकुरा नदी से बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब 80 घनफीट बालू लदा बिना नंबर का महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। मौके से चालक-सह-मालिक प्रदीप प्रधान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 8:45 बजे नदी से अवैध तरीके से बालू निकाले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कुरकुरा नदी क्षेत्र में कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने बालू लदे वाहन को पकड़ा।
पुलिस का कहना है कि उत्खनन और परिवहन प्रतिबंधित अवधि में किया जा रहा था। एनजीटी के आदेश के तहत 10 जून से 15 अक्टूबर तक बालू उत्खनन पर रोक की अवधि निर्धारित है।
मामले में बांसजोर ओपी कांड संख्या 57/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2)/317(5) तथा संबंधित खनन कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी 29 वर्षीय प्रदीप प्रधान कुरकुरा कुसुम टोली का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसे 3 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। कार्रवाई में बांसजोर के अंचल अधिकारी, ओपी प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल थे।
