रांची: नगर निगम की ओर से शनिवार को वार्ड संख्या-18 और 30 में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के तहत सड़क निर्माण, पेवर ब्लॉक बिछाने और लेबर शेड तैयार करने का काम कराया जाएगा।
वार्ड-18 में वेंडर मार्केट के पास बायो-एरोबिक टॉयलेट के फ्लैंक में पेवर ब्लॉक बिछाया जाएगा। वहीं राधा गोविंद स्ट्रीट में बिटुमिनस सड़क के साथ पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य होगा।
वार्ड-30 में रातू रोड चौक के समीप प्रसार भारती के सामने लेबर शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से संबंधित इलाकों में स्थानीय सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है।
योजनाओं का शिलान्यास रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। उन्होंने कहा कि इन विकास योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सड़क, स्वच्छता और श्रमिकों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड-18 की पार्षद आशा देवी और वार्ड-30 की पार्षद सोनी देवी शामिल हुईं। अमित यादव, दिलीप गुप्ता समेत स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
