रांची: स्कूली बच्चों में नशे के बढ़ते खतरे को लेकर युवा राष्ट्रीय जनता दल ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। शनिवार को संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता क्षितिज मिश्रा ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
क्षतिज मिश्रा ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान और काउंसलिंग की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि नशे का असर अब युवाओं तक सीमित नहीं है। कम उम्र के बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में नशीले पदार्थों की उपलब्धता रोकना और बच्चों को जागरूक करना जरूरी है।
ज्ञापन मिलने के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नशीले पदार्थों की बिक्री व उपलब्धता के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
युवा राजद ने प्रशासन के रुख का स्वागत किया। संगठन ने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए आगे भी जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
