मांडर/रांची: जल निकासी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को जिला परिषद सदस्य विनोदित तिग्गा ने 15वें वित्त आयोग मद से प्रस्तावित पक्की नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। मालटोटी में शारदा उपाध्याय के घर से बीष्णु उरांव के घर तक नाली का निर्माण कराया जाएगा। बरगड़ी में भी पक्की नाली बनेगी।
ग्रामीणों की मौजूदगी में शिलापट्ट का अनावरण करते हुए विनोदित तिग्गा ने कहा कि क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के कारण लंबे समय से नाली निर्माण की मांग की जा रही थी। नाली बनने से बारिश के दिनों में सड़क और घरों के आसपास होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल समेत जरूरी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी तरह की अनियमितता मिलने पर इसकी जानकारी देने की अपील की।
मौके पर मुखिया फूलमनी कुमारी, लक्ष्मण उरांव, जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि रबुल अंसारी, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय और ग्राम प्रधान बहादुर पाहन समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
