धनबाद: रेल मंडल में गुरुवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित अभियान के तहत दिन-रात चलाए गए इस अभियान में 442 यात्रियों को पकड़ा गया। जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 2 लाख 73 हजार 60 रुपये वसूले गए। साथ ही उचित टिकट लेकर यात्रा करने की हिदायत दी गई।
चेकिंग टीमों द्वारा विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।रेल प्रशासन ने बताया कि धनबाद मंडल में निरंतर टिकट जांच की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।

