भुरकुंडा (रामगढ़): सीसीएल की मेजबानी में 55वें ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू कंपटीशन (कोल एंड मेटल) 2026 का उद्घाटन कल सोमवार को रांची के खेलगांव में होगा। प्रतिस्पर्धा में कई इवेंट खेलगांव के साथ-साथ भुरकुंडा में भी आयोजित किए जाएंगे। इस कड़ी में उद्घाटन से पूर्व रविवार को प्रतिस्पर्धा में भाग ले रही सभी 36 टीमों के कप्तानों ने भुरकुंडा के बांसगढ़ा भूमिगत खदान पर रिपोर्टिंग की।

उनके आगमन पर सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल ने उनका स्वागत करते हुए परिचय प्राप्त किया। इसके उपरांत अधिकारियों की मौजूदगी में सभी टीमों के कप्तान बांसगढ़ा भूमिगत खदान के अंदर गए। जहां कप्तानों ने रेस्क्यू कंपटीशन के लिए निर्धारित 8 नंबर पीलर तक का मुआयना किया।
इसके उपरांत डीजीएमएस के अधिकारियों ने कप्तानों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं लॉटरी के माध्यम से भुरकुंडा के भूमिगत खदान में होनेवाली प्रतिस्पर्धा के लिए टीमों का सिक्वेंस निर्धारित किया गया। मौके पर जीएम (ऑपरेशन) कुमार राकेश सत्यार्थी, भुरकुंडा पीओ अनिल कुमार पासवान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
बताया जाता है कि खान सुरक्षा महानिदेशालय के मार्गदर्शन में कल यानी 30 नवंबर को खेलगांव रांची में समारोहपूर्वक प्रतियोगिता का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया जाएगा। सीसीएल की मेजबानी में आगामी 1 दिसंबर से 4 दिसंबर तक खेलगांव और भुरकुंडा भूमिगत खदान में प्रतिस्पर्धाएं होंगी। जबकि 5 दिसंबर को केकेसी प्लस टू हाई स्कूल में रोप रेस्क्यू प्रतिस्पर्धा होगी। वहीं आगामी 6 दिसंबर को खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतिस्पर्धा में 29 पुरुष और 7 महिला टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य करने की कुशलता की परीक्षा होगी। इसके तहत मार्क फास्ट एंड ड्रिल, थ्योरी एग्जामिनेशन, स्टेट फर्स्ट एड, रोप रेस्क्यू, एयर बेस, रेस्क्यू एंड रिकवरी तथा कप्तान रिपोर्टिंग जैसे इवेंट आयोजित किए जाएंगे।
| इन कंपनियों की टीमें लेंगी भाग ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू कंपटीशन में मेजबान CCL के अलावा WCL, BCCL, ECL, MCL, MOIL, UCIL, टाटा स्टील, अंबुजा सीमेंट, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, हिंदुस्तान जिंक, हट्टी गोल्ड माइंस, आईएमएफए, एमसीएल, सन फ्लैग स्टील, SECL, NCL, एमपी बिरला ग्रुप और SAIL की टीमें भाग ले रही हैं। |

