रांची: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और पुलिस हिरासत में कथित प्रताड़ना के विरोध में रविवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के तत्वावधान में हुए प्रदर्शन में सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अभिषेक भारती की अविलंब रिहाई, कथित प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच और पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग की।

प्रदर्शन में रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों और विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है, लेकिन हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। उन्होंने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया।

प्रदर्शन के दौरान अभिषेक भारती के पिता संपूर्णानंद भारती भी मौजूद थे। उन्होंने पत्रकारों के बीच बेटे की रिहाई की गुहार लगाई।  रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी सहित वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपनी बात रखी। वहीं बिपिन उपाध्याय और आरती सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को काम करते समय सुरक्षा और निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया का भरोसा मिलना चाहिए। कहा कि रिहाई और निष्पक्ष जांच होने तक विरोध जारी रहेगा। मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।