मृतकों में महिला-पुरूष और बच्चे शामिल

• नालंदा (बिहार) से रजरप्पा जा रहा था परिवार

• रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा 

रामगढ़: रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ के पैंकी के निकट बीती रात भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी नालंदा (बिहार) से स्कॉर्पियो पर रजरप्पा जा रहे थे।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नालंदा के जंघारी गांव निवासी विवेकानंद प्रसाद का परिवार दो स्कॉर्पियो  पर रजरप्पा जा रहा था। इस क्रम में रात तकरीबन दो बजे कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी में पीछे चल रही स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) ने अज्ञात वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की स्कॉर्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चीख पुकार मच गई।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को बाहर निकाल सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने 13 लोगों के मौत की पुष्टि कर दी। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का उपचार शुरू किया गया। वहीं दुर्घटना को लेकर रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल में भी स्थिति का जायजा लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

बताया जाता है कि विवेकानंद प्रसाद जंघारी में निजी स्कूल का संचालन करते हैं। उनकी पत्नी को सरकारी शिक्षिका के रूप में नियुक्ति मिलने पर परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और परिचित लोग एक साथ पूजा-अर्चना करने रजरप्पा जा रहे थे। इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरी शोक संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की है। वहीं प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों को दो-दो लाख रुपए और घायल को 50 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा भी की गई है। 

बताते चलें कि शनिवार की शाम पैंकी के निकट एक अन्य दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्री की भी मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे पैंकी निवासी (40वर्ष) और उनकी पुत्री मिष्टी ओहदार (11 वर्ष) गंभीर रूप हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्होंने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया।