रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार को सूबे की राजधानी रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और “जोहार” के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर भाजपा के झंडों, बैनरों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से लबरेज रहा।

स्वागत करनेवालों में राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुबर दास, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का दूसरा झारखंड दौरा है। अपने दौरे क्रम में वे कल 24 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे और पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। बैठक में आगामी गिरिडीह उपचुनाव और 2029 लोकसभा-विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। वहीं 25 अक्टूबर को वे दोपहर बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।