रातू: बिना हेलमेट बाइक चलाने और एक दोपहिया वाहन पर तीन लोगों के सवार होने जैसी लापरवाही के खिलाफ रविवार को दलादिली चौक पर परिवहन विभाग ने अनूठा जागरूकता अभियान चलाया। सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में यमराज की वेशभूषा में कलाकार ने लोगों को सड़क हादसों के खतरे से आगाह किया। वहीं, अधिकारियों ने नियम तोड़ने वाले चालकों को फूल देकर सुरक्षित सफर का संदेश दिया।

अभियान में परिवहन सचिव राजीव रंजन और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार शामिल हुए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, गति सीमा का ध्यान रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया गया कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा हो सकती है। यमराज बने कलाकार ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखने की सीख दी। अभियान दल ने चालकों को फूल-माला और गुलाब भेंट कर नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।

परिवहन सचिव राजीव रंजन और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि हेलमेट का इस्तेमाल किसी जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की हिफाजत के लिए करना चाहिए। अभियान के जरिए लोगों को समझाया गया कि सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने का महत्वपूर्ण उपाय है।