रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित तौर पर पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन में शामिल होने झारखंड के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, सूर्यकांत शुक्ला, डॉ. तौसीफ, आदित्य विक्रम जायसवाल, गौरव आनंद और अनिल सिंह शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि SIR के तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूची तैयार करने के दौरान पर्याप्त सत्यापन नहीं होने पर वास्तविक मतदाताओं के नाम भी हट सकते हैं। नेताओं ने इस प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को कुछ राज्यों में बाधाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार से जुड़ा मुद्दा बताया।
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी और जवाबदेह होना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाकर अपनी मांगें उठाईं।

