रांची: SIR के जरिए मतदाता सूची में नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर मंगलवार को रांची में यूथ कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे। गेट की ओर बढ़ने और उसे खोलने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। विरोध जताते हुए कार्यालय परिसर के बाहर बोर्ड और दीवार पर स्प्रे से नारे लिखे गए। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।

गेट तक पहुंचने की कोशिश, बैरिकेडिंग ने रोका रास्ता

रांची महानगर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट की ओर बढ़ते हुए अंदर जाने की कोशिश की। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। इससे कार्यकर्ता कार्यालय के भीतर नहीं जा सके। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई।

प्रदर्शन में पहुंचे सुबोधकांत सहाय

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने यूथ कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि SIR के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को उचित बताया। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यह मुद्दा अब व्यापक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उनके मुताबिक, दिल्ली में विपक्षी दल भी इसी मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रांची में शुरू हुआ यह विरोध आगे भी जारी रहेगा।