सभी लंबित मामलों का शीघ्र करें निष्पादन : सुरेश पासवान
रामगढ़: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। परिसदन में समिति के सभापति सुरेश पासवान और सदस्य राम सूर्या मुंडा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों, उनके अनुपालन की स्थिति, लंबित मामलों और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सभापति सुरेश पासवान ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधायकों द्वारा उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रश्नों का समयबद्ध क्रियान्वयन सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें।
वहीं सदस्य राम सूर्या मुंडा ने कहा कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्न आम जनता की समस्याओं से जुड़े होते हैं। संबंधित विभागों को संवेदनशील और जवाबदेह रहते हुए कार्रवाई करनी चाहिए और प्रतिवेदनों में सही और अद्यतन जानकारी जरुर देनी चाहिए।
बैठक में पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

