कांकेबार में आदमकद प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण 

रामगढ़: सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांकेबार स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक पर स्थापित लौह पुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत उपस्थित रहे।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में सभी ने बारी-बारी से सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।